सुलझी मानकिसता के साथ-साथ संवाद शैली की समस्या
मेरी समझ में दुनिया का कोई भी धर्म जड़ नहीं है और उनके अंदर प्राचीनता और नवीनता का अंतद्वंद्व प्रायः हमेशा चलता रहा है - कभी प्रत्यक्ष रूप में तो कभी अप्रत्यक्ष रूप में। और इसीलिए सारे धर्मावलंबियों के व्यवहार में बदलाव भी आता गया है। सबसे कट्टर माने जाने वाले इस्लाम को ही लें, तो भारत और अफ्रीका के कुछ हिस्सों में मौजूद दाऊदी बोहरा समुदाय पांच बार की नमाज तीन बार में ही पढ़ लेता है। भारतीय मुसलमानों द्वारा तजिया निकालना आदि भी इसी प्रक्रिया के उदाहरण हैं। अहमदिया समुदाय तो मुहम्मद साहब के बाद भी नबी के जन्म लेने सैद्धांतिक अवधारणा पर विश्वास करता है। इसीलिए दूसरे उन्हें मुसलमान नहीं भी मानें लेकिन वे तो खुद को मुसलमान मानते ही हैं।
इसलिए मेरी समझ में बदलाव की गुंजाइश सभी धर्मों और संप्रदायों के अनुयायियों में मौजूद है। जरूरत सही संवाद प्रक्रिया अपनाने की है जो सबको सम्मान दे और असहमति को दुश्मनी या विरोध नहीं माने। इस लिहाज से किसी लकीर को छोटा करने के प्रयास के बजाय नई लकीर खींचने के प्रयास को अधिक महत्व देना श्रेयस्कर है।
मेरे इस प्रयास को किसी नए धर्म या संप्रदाय के आरंभ का सुझाव नहीं मानें। मेरी समझ में सनातनी या हिंदू धर्म सहित सारे धमों की बहुलतावादी परंपरा के तत्वों की ग्रंथों से लेकर व्यवहार तक में पहचान करके पुष्ट करने का प्रयास बौद्धिक लोगों को नए सिरे से सोचने के लिए प्रेरित कर सकता है और समाज में स्वस्थ बहस शुरू हो सकती है। यूं भी आसपास रहने वाले समुदाय एक-दूसरे के आचार-विचार से जाने-अनजाने प्रभावित होते ही रहते हैं। अगर जान-बूझकर साझा चीजों को आत्मसात करें तो इस प्रक्रिया को काफी गति मिल सकती है।
राज बल्लभ
No comments:
Post a Comment