Friday, 11 March 2016

बहुरंग: उदार समावेशी धर्म की जरूरत 2nd

बहुरंग: उदार समावेशी धर्म की जरूरत 2nd

सुलझी मानकिसता के साथ-साथ संवाद शैली की समस्या

मेरी समझ में दुनिया का कोई भी धर्म जड़ नहीं है और उनके अंदर प्राचीनता और नवीनता का अंतद्वंद्व प्रायः हमेशा चलता रहा है - कभी प्रत्यक्ष रूप में तो कभी अप्रत्यक्ष रूप में। और इसीलिए सारे धर्मावलंबियों के व्यवहार में बदलाव भी आता गया है। सबसे कट्टर माने जाने वाले इस्लाम को ही लें, तो भारत और अफ्रीका के कुछ हिस्सों में मौजूद दाऊदी बोहरा समुदाय पांच बार की नमाज तीन बार में ही पढ़ लेता है। भारतीय मुसलमानों द्वारा तजिया निकालना आदि भी इसी प्रक्रिया के उदाहरण हैं। अहमदिया समुदाय तो मुहम्मद साहब के बाद भी नबी के जन्म लेने सैद्धांतिक अवधारणा पर विश्वास करता है। इसीलिए दूसरे उन्हें मुसलमान नहीं भी मानें लेकिन वे तो खुद को मुसलमान मानते ही हैं।

इसलिए मेरी समझ में बदलाव की गुंजाइश सभी धर्मों और संप्रदायों के अनुयायियों में मौजूद है। जरूरत सही संवाद प्रक्रिया अपनाने की है जो सबको सम्मान दे और असहमति को दुश्मनी या विरोध नहीं माने। इस लिहाज से किसी लकीर को छोटा करने के प्रयास के बजाय नई लकीर खींचने के प्रयास को अधिक महत्व देना श्रेयस्कर है।

मेरे इस प्रयास को किसी नए धर्म या संप्रदाय के आरंभ का सुझाव नहीं मानें। मेरी समझ में सनातनी या हिंदू धर्म सहित सारे धमों की बहुलतावादी परंपरा के तत्वों की ग्रंथों से लेकर व्यवहार तक में पहचान करके पुष्ट करने का प्रयास बौद्धिक लोगों को नए सिरे से सोचने के लिए प्रेरित कर सकता है और समाज में स्वस्थ बहस शुरू हो सकती है। यूं भी आसपास रहने वाले समुदाय एक-दूसरे के आचार-विचार से जाने-अनजाने प्रभावित होते ही रहते हैं। अगर जान-बूझकर साझा चीजों को आत्मसात करें तो इस प्रक्रिया को काफी गति मिल सकती है।

राज बल्लभ


Friday, 25 October 2013

बहुरंग: पवित्रता का रहस्य 1

बहुरंग: पवित्रता का रहस्य 1
सबसे अधिक परेशानी शुद्धता और पवित्रता के घालमेल से होती है। और दूसरी परेशानी तब होती है जब शुद्धता की दो अवधारणाओं वाले लोग परस्पर रहें या एक का दूसरे के घर जाना हो। बहुतों के घरों के शौचालय के नियम दूसरे के गले की फांस बन जाते हैं और कई मामले में अपने लिए भी। एक कम्यूनिस्ट मित्र के घर उनकी पत्नी के दबाव में शौच के बाद स्नान करने का नियम था। मैंने एक रात वहां बिताई थी। जाहिर है, मैंने ऐसा नहीं किया। इसका परिणाम उनकी पत्नी के लिए भी बहुत दुखद हुआ। गठिया की परेशानी बढ़ती गई और काॅर्टिकोस्टेराॅयड का प्रयोग कर-करके वे खुद कैंसर-ग्रस्त हो गईं। फलतः जीवन के अंतिम पांच-छः महीने उन्हें बिस्तर पर ही शौच करते गुजारने पड़े।

Friday, 14 December 2012

 मित्रो
 मैं पहली बार ब्लॉग पर आया हूँ। मैं दुमका में रहता हूँ इसलिए सबसे पहले दुमका का ही अनुभव
आपके सामने रखना  चाहूंगा। दुमका में मैंने एक बात अजीब देखी। जब  भी सड़क पर चलिए, क्या
बूढ़े क्या  जवान, सभी  लोग आपको बीच सड़क पर चलते नजर आयेंगे। यही नहीं, लोग सड़क पार
भी करेंगे तो बिना देखे। फिर लोग यदि समूह में हों तब तो पूछिए मत। बिलकुल रास्ता घेर कर
चलेंगे। यहाँ तक कि स्कूल जाने वाली लड़कियाँ भी इसी तरह चलती नजर आएँगी।
मैंने बहुत बार इसका कारण सोचा, तब जाकर बात समझ में आयी। जंगल खत्म हो गया है लेकिन
दिमाग में जंगल अभी भी ज़िंदा है। लोग अभी भी जंगल की पगडंडियों पर चलते हैं। अब संकरी होने
के कारण पगडंडियों पार बीच में चलना पड़ता है। कोई सामने  आये, तब ही  किनारा पकड़ना पड़ता है।
यही आदत अभी तक कायम है। नयी पीढी भी पुरानी पीढी को देखकर यही आदत अपनाती रही है।
समाज में पुरानी आदतें इसी तरह  पीढ़ी दर पीढ़ी चलती जाती हैं। इन्हें बदलना आसान नहीं होता।
यहाँ के लोगों की आदत भी न जाने कब बदलेगी? तब तक तो सबको भुगतना ही पड़ेगा।